मोंठ। गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव कृषि एमके सुंदरम से मुलाकात की। उन्होंने झांसी जनपद में डीएपी खाद की किल्लत को दूर करने की मांग की। विधायक ने बताया कि झांसी में रबी फसलों की बोआई के लिए किसानों को डीएपी खाद की जरूरत है। हालांकि, सहकारी समितियों और निजी विक्रेताओं के पास पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं है। खाद की कमी से किसानों को लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है। समितियां डीएपी के बजाय 2100 से 2300 रुपये प्रति बोरी की एनपीके खाद लेने को कह रही हैं। विधायक ने प्रमुख सचिव से सहकारिता और निजी क्षेत्र के लिए खाद की रैक उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने बाजारों में डीएपी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की, जिससे रबी फसलों की बोआई प्रभावित न हो। संवाद