संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। उत्तर प्रदेश वन विभाग की ओर से नई पहल की गई है। जिसके तहत यूपी और एमपी के बार्डर पर दो हेक्टेयर क्षेत्रफल में मित्र वन स्थापित करने की योजना तैयार की गई है। योजना के अंतर्गत मित्र वन में उत्तर प्रदेश की प्रजातियों के पौधों के साथ ही मध्य प्रदेश की प्रजातियों के पौधे रोपे जाएंगे। मित्र वन स्थापित होने से दोनों ही राज्यों की सीमा का विवाद भी खत्म होगा।
धरती को हरा भरा बनाने के साथ ही लोगों को शुद्ध और स्वच्छ वातावरण मुहैया कराने के लिए वन विभाग द्वारा नगर वन, शक्ति वन के साथ ही नंदन वन को विकसित किया है। लेकिन अब उत्तर प्रदेश और और मध्य प्रदेश के वार्डर पर मित्र वन को स्थापित करने की योजना तैयार की गई है। मित्र वन में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की प्रजातियों के पौधे रोपे जाएंगे। वहीं बार्डर पर होने के कारण उत्तर प्रदेश वन विभाग के अधिकारियों के साथ ही मध्य प्रदेश के वन अधिकारियों का मशविरा भी लिया जाएगा। मित्र वन की निगरानी की जिम्मेदारी दोनों ही राज्यों के वन कर्मियों की होगी। विभाग द्वारा शुरूआत में 1600 पौधे रोपने का लक्ष्य तय किया गया है। जिसमें दोनों ही राज्यों द्वारा आठ-आठ सौ पौधे लगाए जाएंगे। विभागीय प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। प्रभागीय वन अधिकारी संजय कुमार मल्ल ने बताया कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बार्डर पर दो हेक्टेयर क्षेत्रफल में मित्र वन स्थापित किया जाएगा। इसके लिए मध्य प्रदेश के वन अधिकारियों से वार्ता की जा रही है। दोनों ही राज्यों की प्रजातियों के पौधे रोपे जाएंगे।