झांसी के थाना कोतवाली इलाके में शनिवार की देर रात बाइक सवार बदमाशों ने कार से कारोबारी का 33 लाख रुपये से भरा बैग पार कर दिया। बदमाशों ने उस समय बैग को उड़ाया, जब कारोबारी कार से उतरकर फोन पर बात कर रहा था। कारोबारी ने मामले की तहरीर थाने में दी है। पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की हैं।
मोहल्ला चंद्रशेखर आजाद निवासी अजीत मिश्रा ने पुलिस को बताया कि वह तीन लोगों से 33 लाख रुपये लेकर मेहंदी बाग स्थित अपने कार्यालय पर शनिवार की रात तकरीबन बारह बजे पहुंचे थे। बैग कार में रखा हुआ था। कार से उतरकर वे फोन पर बात करने लगे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर चार युवक आए। उनमें से एक ने कार का गेट खोलकर बैग उठा लिया। इसके बाद चारों भाग गए। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पांच टीमें गठित की हैं। हालांकि पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं।