- स्मार्ट सिटी योजना से जीआईसी में 20 करोड़ से बनकर हुआ तैयार, संचालन के लिए जल्द होगा टेंडर
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। स्मार्ट सिटी योजना से जीआईसी में बना मिनी स्टेडियम खेल प्रतिभाओं को निखारेगा। चाहें क्रिकेट, हॉकी हो या फुटबॉल, हर खेल में खिलाड़ियों का दम देखने को मिलेगा। जल्द ही स्टेडियम के संचालन का टेंडर निकलेगा। इसके लिए शासन से मंजूरी मांगी गई है।
झांसी को खेल नगर के रूप में भी जाना जाता है। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की ये कर्म स्थली है। उनके अलावा भी यहां से कई अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी निकले हैं। झांसी में अब तक खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए मेजर ध्यानचंद स्टेडियम ही बड़ा खेल मैदान था। यहां पर हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट, बॉक्सिंग आदि खेल होते हैं। मगर अब एक और प्लेटफॉर्म उपलब्ध हो गया है। राजकीय इंटर कॉलेज में स्मार्ट सिटी योजना के तहत बनकर तैयार हुए मिनी स्टेडियम से खेल प्रतिभाएं निखरेंगी। इस स्टेडियम का निर्माण 20 करोड़ से हुआ है। यहां हॉकी टर्फ, प्रोफेशनल और टर्फ वाला क्रिकेट मैदान है। सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, फुटबॉल, वॉलीबाल, बैडमिंटन कोट, पवेलियन, वीआईपी लाउंज बनाए गए हैं। दिन और रात के मैच के लिए हाईमास्ट लाइटें लगाई गई हैं। रात में खिलाड़ी अभ्यास भी कर सकेंगे। इसका लोकार्पण बीती 12 मार्च को हो चुका है। जल्द ही इसके संचालन के लिए टेंडर निकाला जाएगा। फिर यहां पर खिलाड़ी अभ्यास कर सकेंगे। साथ ही प्रतियोगिताएं भी शुरू हो जाएंगी। इससे खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा निखरेगी।
स्कूल छात्रों को मिलेगी फीस में छूट
स्टेडियम के टेंडर का संचालन जिस भी संस्था को मिलेगा, उसे यहां प्रैक्टिस करने के लिए आने वाले स्कूल छात्रों को फीस में छूट देनी होगी। टेंडर की मंजूरी मिलने के बाद स्मार्ट सिटी की तरफ से ये शर्त डाली जाएगी। इसके अलावा जीआईसी के खिलाड़ियों से किसी भी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
ये बोले खिलाड़ी
मिनी स्टेडियम बनने से यहां कई तरह की प्रतियोगिताएं भी हो सकेंगी। सुविधाएं बढ़ने से खिलाड़ियों की प्रतिभा निखरेगी। - रिषभ कुशवाहा।
जीआईसी में काफी खूबसूरत मिनी स्टेडियम तैयार हुआ है। यहां पर अधिक से अधिक खेल प्रतियोगिताएं होनी चाहिए। - आकांक्षा परिहार।
एक ही स्टेडियम में फुटबॉल, हॉकी, क्रिकेट खेल से जुड़ी सुविधाएं मिलना अच्छी बात है। हर खेल के खिलाड़ी सीख सकेंगे। - दिव्या गौरी।
झांसी में ध्यानचंद स्टेडियम के बाद दूसरा खूबसूरत स्टेडियम बनकर तैयार हुआ है। अब जल्द स्टेडियम शुरू होना चाहिए। - सत्यम कुशवाहा।
खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने के उद्देश्य से ही मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया गया है। इसका टेंडर निकालने के लिए शासन से मंजूरी मांगी गई है। मंजूरी आते ही निविदा निकाल दी जाएगी। - सत्य प्रकाश, सीईओ, स्मार्ट सिटी।