झांसी। मेडिकल कॉलेज में एक-दो नहीं, बल्कि 24-25 जगह चाय-नाश्ता की अस्थायी दुकानें खुल गई हैं। इन पर किसी का अंकुश नहीं है। मरीजों-तीमारदारों से मनमानी कीमत वसूलते हैं। कॉलेज प्रशासन ने इन दुकानों की जांच का फैसला लिया है। रोजाना ओपीडी में औसतन दो हजार मरीज आते हैं। इमरजेंसी और वार्डों को मिलाकर करीब सात सौ रोगी भर्ती रहते हैं। इन रोगियों के अलावा तीमारदार के रूप में करीब तीन हजार लोगों का आना-जाना रहता है। इसके चलते मेडिकल कॉलेज में जगह-जगह चाय-नाश्ता आदि की 24-25 अस्थायी दुकानें खुल गई हैं। इन दुकानों की लगातार मिल रही शिकायतों पर कॉलेज प्रशासन सख्त हो गया है। अब प्रत्येक दुकान की वैधता की जांच होगी ताकि मिलीभगत से लगी दुकानों को हटाया जा सके।एसआईसी डॉ. सचिन माहुर का कहना है कि जितनी भी अस्थायी दुकानें बनी हैं, सभी की लिस्ट बनाई गई है। जो मिलीभगत से लगी हैं, उन्हें हटाया जाएगा। ब्यूरो