झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में पांच विभागों में एमडी, एमएस की 17 सीटें बढ़ गई हैं। इसके बाद कॉलेज में परास्नातक की कुल 90 सीटें हो गई हैं। इसमें पांच डिप्लोमा की वो सीटें भी शामिल हैं, जिन्हें डिग्री में तब्दील कर दिया गया है।
शासन का मेडिकल कॉलेजों में सीटें बढ़ाने पर जोर है। इसके चलते कॉलेज प्रशासन ने विभिन्न विभागों में सीट बढ़ाने के लिए नेशनल मेडिकल काउंसिल (एनएमसी) में आवेदन किया था। एनएमसी की टीम ने चेस्ट एवं टीबी रोग विभाग की पांच, गायनी और सर्जरी की चार-चार, ईएनटी की तीन, आई की एक सीट पर एमडी/एमएस की मान्यता के लिए मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के समय विभाग में मौजूद चिकित्सा शिक्षक, उपकरण, लैब, मरीज आदि का ब्योरा एकत्र किया। फिर अपनी रिपोर्ट एनएमसी को सौंप दी। प्राचार्य डॉ. एनएस सेंगर ने बताया कि पांचों विभाग की सभी सीटों को एनएमसी की हरी झंडी मिल गई है। संभावना है कि इसी सत्र से इन बढ़ी हुई सीटों पर प्रवेश शुरू हो जाएंगे। अब कॉलेज में पीजी की 90 सीटें हो जाएंगी।