मऊरानीपुर। धोखाधड़ी कर कूटरचित दस्तावेजों के सहारे एक व्यक्ति की पैत्रिक जमीन का कुछ लोगों द्वारा सौदा करने का आरोप लगा है। इस मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने झांसी निवासी कारोबारी सुरेंद्र राय समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
कानपुर की एनआरआई सिटी निवासी गिरीश कुमार डालमिया ने बताया कि उसकी पैतृक जमीन कस्बे के गरौठा चौराहे पर स्थित है। लेकिन, कुछ लोगों ने धोखाधड़ी कर उसकी पैत्रिक जमीन बेच दी। इसके लिए उन्होंने कूटरचित दस्तावेजों का सहारा लिया। पीड़ित ने बताया कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो विपक्षियों ने उसे जान से मारने की भी धमकी दी। उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत पूर्व में भी पुलिस से की गई थी, परंतु सुनवाई नहीं हुई। ऐसे में न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा। न्यायालय ने मऊरानीपुर थाना पुलिस को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। इस पर पुलिस ने झांसी निवासी कारोबारी सुरेंद्र कुमार राय समेत नई दिल्ली निवासी ओमप्रकाश डालमिया व जयपुर निवासी जुगल किशोर डालमिया के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। इस मामले में कारोबारी सुरेंद्र कुमार राय का कहना है कि पहले भी शिकायत की गई थी, जांच में शिकायत फर्जी पाई गई थी। सिविल कोर्ट में भी मामला चल रहा है। ब्लैकमेल के इरादे से मुकदमा दर्ज कराया गया है।