रस बहार तिराहे की घटना, वेल्डिंग के दौरान एसी का कंप्रेशर फटने से डिपार्टमेंटल स्टोर में लगी थी आग
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुधवार की दोपहर को डेढ़ बजे रस बहार तिराहा के पास एक चार मंजिला डिपार्टमेंटल स्टोर में लगी भीषण आग से आसपास की 13 दुकानें जल गईं। दुकानों के बाहर खड़े 15 दोपहिया वाहन भी आग से नष्ट हो गए हैं। आग पर काबू पाने के लिए सेना और फायर ब्रिगेड ने 7 घंटे तक मशक्कत की। आग लगने की वजह डिपार्टमेंटल स्टोर में हो रहे वेल्डिंग के दौरान शार्ट सर्किट से एसी का कंप्रेशर फटना बताया जा रहा है। आग इतनी तेजी के साथ फैली कि देखते ही देखते आसपास की दुकानें भी लपटों के घेरे में आ गईं। हालांकि अभी तक नुकसान का पूरी तरह आकलन नहीं हो सका है लेकिन करीब पांच करोड़ का नुकसान माना जा रहा है।
सीपरी बाजार इलाके के रस बहार तिराहा पर हजरत कंजी शाह बाबा दरगाह के पीछे सुरेश कोहली का चार मंजिला कोहली डिपार्टमेंटल स्टोर है। यहां स्टोर की तीसरी मंजिल पर लगे एसी की मरम्मत की जा रही थी। एसी का स्टैंड बनाने के लिए वेल्डिंग भी हो रही थी। इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि इसी दौरान अचानक शॉट सर्किट हुआ और एसी का कंप्रेसर फट गया। इसकी चिंगारी स्टोर के भीतर रखे सामान और पीवीसी शीट पर जा गिरी। कपड़ों पर गिरी चिंगारी ने कुछ ही देर में आग का रूप ले लिया। आग बढ़ते ही डिपार्टमेंटल स्टोर के स्वामी ने सभी ग्राहकों और कर्मियों को बाहर जाने को कहा। सभी लोग दौड़कर बाहर निकल आए। कुछ ही देर में आग ने पूरे चार मंजिला स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया। यहां लगी आग आसपास की दुकानों तक भी पहुंच गई। अग्रवाल किराना स्टोर, न्यू भुसारी रेडीमेड स्टोर, मयूर प्रोविजनल स्टोर, जोगिंदर क्लाॅथ स्टोर, जीत साड़ी भंडार, सतनाम साड़ी सेंटर, अकील कार्नर, भुसारी साड़ी सेंटर, न्यू भुसारी साड़ी सेंटर, पप्पू ब्यूटी कार्नर, साहू स्टोर, अंशुल जनरल मर्चेंट समेत आसपास फुटपाथ पर लगीं दुकानों तक आग फैल गई। इन सभी दुकानों में रखा सामान जलकर राख हो गया। सबसे अधिक नुकसान कोहली डिपार्टमेंटल एवं जोगिंदर स्टोर में होना बताया जा रहा है। एसएसपी राजेश एस ने बताया कि सेना की टीम के साथ ही फायर ब्रिगेड की जिले भर की गाड़ियों को बुला लिया गया था। डेढ़ बजे आग लगी और तत्काल ही गाड़ियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सात बजे तक आग पर काबू पा लिया गया।