अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बरुआसागर थाना इलाके में दहेज की खातिर एक विवाहिता की हत्या कर दी गई। पुलिस ने देर रात तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया।
बड़ागांव थाना इलाके के ग्राम पालर निवासी कमलापत पाल की बेटी छाया (21) की शादी 21 मई 2023 को बरुआसागर के ग्राम इटौरा निवासी धीरज पाल से हुई थी। पिता कमलापत ने बताया कि शादी में उन्होंने सात लाख रुपये खर्च किए थे। शादी के समय बेटी बीए फाइनल के पेपर दे रही थी। शादी के बाद भी वह पढ़ाई आगे जारी रखना चाहती थी, लेकिन ससुराली इसके लिए राजी नहीं थे। वे पैसों की मांग कर रहे थे। हाल में 19 मई को ही बेटी को एक लाख रुपए दिए थे, ताकि वह पढ़ाई जारी रख सके। लेकिन, ससुराल वालों ने उसे पढ़ने नहीं भेजा और उससे पैसे छीन लिए थे। इससे बेटी परेशान रहने लगी थी। वह मायके आ गई थी।
आठ दिन पहले दामाद बेटी को मायके से ससुराल ले गया था। बुधवार शाम को ससुराल से फोन आया कि छाया ने फांसी लगा ली है, जिससे उसकी मौत हो गई है। रात को जब वह मौके पर पहुंचे तो कमरे में पलंग पर छाया की लाश पड़ी थी। ससुराल के सभी लोग फरार थे। पिता ने ससुरालियों पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया।
एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में पति धीरज पाल, ससुर बृजकिशोर, सास धनवंती, जेठ नीरज व जेठानी के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पति, ससुर और सास को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की पड़ताल जारी है।