झांसी। आरक्षण सूची जारी होने से जहां कई पार्षद चुनावी मैदान से बाहर हो गए वहीं, निवर्तमान उपसभापति भरत सेन समेत कई दिग्गज पार्षद एक बार फिर चुनावी ताल ठोंकते नजर आएंगे।
उपसभापति भरत सेन की नैनागढ़ दक्षिण द्वितीय सीट पिछड़ा वर्ग को आरक्षित हो गई लेकिन वह चुनाव लड़ सकेंगे। पूर्व उपसभापति सुनील नैनवानी, अनिल सोनी भी अपने-अपने वार्डों से फिर चुनाव लड़ सकेंगे। इसी तरह चार बार से लगातार पार्षद कन्हैया कपूर, विकास खत्री समेत महेश गौतम, दिनेश सिंह उर्फ दीपू, दिनेश प्रताप समेत अन्य दिग्गज पार्षदों का भी चुनावी मैदान में उतरने का रास्ता साफ हो गया। डरुभोडेला वार्ड से निर्दोष अग्रवाल समेत मुकेश सोनी, रमा निरंजन, लखन कुशवाहा, सुलेमान अहमद मंसूरी, राजेश, आशीष रायकवार, सुरेंद्र साहू, अजीदा मकरानी, भगवती, उमेश जोशी, कमर खातून, प्रियंका साहू, रामकुमारी, रामकुमारी यादव, बालकिशन, गीता देवी, महेश गौतम, छोटेलाल, प्रदीप, विमल किशोर, शांति देवी इस दफे भी चुनावी मैदान में रहेंगी। इनके अलावा पार्टियों से वरिष्ठ नेता भी पार्षदी के लिए अपनी दावेदारी ठोंक रहे हैं। अनंतिम आरक्षण जारी होने के साथ ही टिकट को लेकर भी दावेदारी शुरू हो गई है।