झांसी। झांसी से लखनऊ लौट रहे कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी ने सड़क दुर्घटना में घायल दो युवकों को फ्लीट रूकवाकर अस्पताल भिजवाया। पुलिस घायल युवक को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंची। घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
झांसी दौरे के बाद बुधवार दोपहर मंत्री नंदी लखनऊ वापस लौट रहे थे। पारीछा से जैसे ही उनकी फ्लीट आगे बढ़ी, रास्ते में ललितपुर के जीरोन गांव निवासी अवधेश पुत्र रामस्वरूप अपने साथी दीपक के साथ घायल अवस्था में सड़क पर पड़े हुए थे। मोटर साइकिल फिसल जाने से मोटर साइकिल सवार दोनों युवक घायल हो गए थे। सड़क पर वह काफी देर से पड़े थे। कुछ देर बाद नंदी की फ्लीट भी वहां पहुंच गई। नंदी ने जैसे ही दोनों घायलों को सड़क पर पड़ा देखा, उन्होंने तुरंत फ्लीट रूकवाई। दोनों घायल युवकों को फ्लीट के आगे चल रही पुलिस जिप्सी से मेडिकल कॉलेज भिजवाया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और सीएमओ से बातचीत करके घायलों के लिए बेहतर इलाज कराने के इंतजाम करने के निर्देश दिए। पुलिस घायल युवकों को लेकर अस्पताल पहुंची। यहां दोनों का प्राथमिक उपचार करके उनको छुट्टी दे दी गई।