झांसी। झांसी रेल मंडल ने लोडिंग से कमाई में पिछले रिकॉर्ड को तोड़ते हुए इस बार करीब 52.21 प्रतिशत अधिक राजस्व हासिल किया है। सोमवार को डीआरएम आशुतोष ने पत्रकार वार्ता के दौरान पिछली तिमाही की उपलब्धियां गिनाईं। कहा, इस तिमाही मेें कुल 437.84 करोड़ राजस्व हासिल हुआ। इसमें 228.06 करोड़ रुपये माल लदान से हासिल हुआ। पिछली तिमाही के मुकाबले यह रिकॉर्ड है। टिकट चेकिंग में 13.07 करोड़ रुपये हासिल हुए। यह पिछले वर्ष के मुकाबले करीब 8.55 करोड़ अधिक है। मंडल में कराए गए प्रमुख कार्यों का ब्यौरा देते हुए बताया कि चिरुला स्टेशन पर एफओबी पर गर्डर लांच का काम पूरा हो गया। झांसी स्टेशन के प्लेटफार्म 4-5 पर लिफ्ट लगा दी गई। ओएसओपी के माध्यम से गांव के हुनरमंद लोगों को उत्पाद बेचने के लिए स्टेशन पर जगह उपलब्ध कराई गई। ललितपुर-बिजरौठा रेल खंड पर तीसरी लाइन में निर्माण कार्य का काम पूरा हो गया। ग्वालियर से बानमोर रेल खंड के बीच तीसरी लाइन का निमार्ण भी पूरा हो गया। इससे ट्रेन की गति में इजाफा हुआ है। डीआरएम ने कहा कि जन शिकायतों को दूर करने में लगने वाले समय को भी कम किया गया है। इस दौरान एडीआरएम विवेक मिश्रा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नवीन दीक्षित उपस्थित रहे।