सीपरी बाजार थाना इलाके की कांशीराम कॉलोनी में बुधवार की रात कूड़ा फेंकने के लेकर हुए विवाद में एक ऑटो चालक की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
ऑटो चालक भगवानदास (52) ग्वालियर रोड स्थित नई कांशीराम कॉलोनी के ब्लाक नंबर 23 में रहता था। पड़ोस में ही पेशे से पेंटर दिनेश वर्मा का घर है। बुधवार की रात तकरीबन साढ़े आठ बजे दोनों के बीच कूड़ा फेंकने को लेकर विवाद हो गया। तभी गुस्से में आकर दिनेश वर्मा घर से चाकू निकाल लाया और भगवान की छाती पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गया।
आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जबकि, हमलावर दिनेश को कॉलोनी के लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।