झांसी के बड़ागांव थाना इलाके के ग्राम टांकोरी में बीती देर रात चुनावी रंजिश के चलते एक युवक को गोली मार दी गई, जिससे युवक की हालत गंभीर हो गई। उसका मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है।
ग्राम टांकोरी निवासी अंकित यादव (25) शनिवार की रात तकरीबन 11:30 बजे खेत से अपने घर की ओर पैदल लौट रहा था। रास्ते में वह लघुशंका के लिए रुका। इसी दरमियान गांव के तीन लोगों ने उसे घेर लिया और चुनावी रंजिश के चलते गोली मार दी।
बता दें कि पंचायत चुनाव में अंकित की रिश्ते की चाची ग्राम प्रधान पद पर खड़ी हुई थी। जबकि, विपक्ष की ओर से भी एक व्यक्ति ने चुनाव लड़ा था। अंकित ने अपनी चाची का सपोर्ट किया था। तब से ही विपक्षी उससे रंजिश मानने लगे थे। अंकित का आरोप है कि विधानसभा चुनाव के दौरान भी उसके साथ मारपीट की गई थी।