अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बीयू कार्य परिषद ने शुक्रवार को चार वर्षीय यूजी पाठ्यक्रम, एमबीए बिजनेस एनालिटिक्स, बीए ऑनर्स बिजनेस कोर्स शुरू करने तथा बीए की मुख्य एवं बैक परीक्षा एक ही दिन अलग-अलग पारी में कराने पर मुहर लगा दी। कई टेबल एजेंडा भी परिषद में रखे गए, जिन पर भी मुहर लग गई। बीयू में पूर्वाह्न 11 बजे कार्य परिषद की बैठक शुरू हुई। इसमें पांच फरवरी को हुई विद्या परिषद की बैठक में शिक्षा सत्र 2025-26 से चार वर्षीय बीए, बीएससी व बीकॉम शुरू कराने, कैंपस के कला संकाय में एमबीए बिजनेस एनालिटिक्स तथा बीए ऑनर्स इकॉनोमिक्स एंड बिजनेस कोर्स का प्रस्ताव रखा गया था। इसे सर्वसम्मति से स्वीकृत कर दिया गया। इस दौरान बीए पाठ्यक्रम में विषयों की अधिकता की वजह से परीक्षा कराने में करीब पौने दो माह का समय लगने की वजह से मुख्य एवं बैक पेपर की परीक्षा एक ही दिन में अलग-अलग पारियों में कराने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे भी स्वीकृत कर दिया गया। इसके अलावा, वित्त कमेटी की बैठक के प्रस्तावों पर भी परिषद ने मुहर लगा दी।