झांसी। एक युवक ने पहले इंस्टाग्राम पर तेरे बिना मरजावां लिखकर पोस्ट डाली और फिर प्रेमिका की गली में जाकर जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर दोस्त मेडिकल कालेज लेकर पहुंचे जहां मंगलवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक के भाई का कहना है कि उसकी जेब में जहर की पुड़िया मिली थी। पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है जबकि परिवार वाले फिलहाल कुछ कहने की स्थिति में नहीं हैं।
बड़ागांव गेट बाहर मास्टर कॉलोनी निवासी नंदकिशोर का पुत्र शुभम वर्मा उर्फ गोलू (20) नारायण बाग चौराहे के पास एक मेडिकल स्टोर पर काम करता था। सोशल प्लेटफार्म के जरिये उसकी एक लड़की से कुछ समय पहले पहचान हुई थी। मेलजोल का सिलसिला बढ़ने पर दोनों के बीच प्यार पनप गया था। सीए के यहां अकाउंट का काम करने वाले शुभम के बड़े भाई उमेश ने बताया कि मंगलवार की सुबह शुभम उनके साथ घर से निकला था। उन्हें ऑफिस छोड़कर वह बाइक लेकर चला गया था।
दोपहर 12 बजे वह बाइक उन्हें वापस दे गया था। इसके बाद शुभम उस लड़की के मुहल्ले में पहुंच गया जिसे वह प्यार करता था। जो उन्हें जानकारी मिली है उसके मुताबिक वहां वह कुछ देर बाद ही बेसुध होकर सड़क पर गिर पड़ा था। युवती के पिता ने इसकी सूचना उसके एक दोस्त को दी थी। काफी खोजबीन के बाद दोस्त शुभम तक पहुंच पाए थे। इसके बाद वे उसे मेडिकल कॉलेज लेकर भागे। वहां उपचार के दौरान शुभम की मौत हो गई। भाई ने बताया कि शुभम की जेब से जहर की पुड़िया मिली थी। उसने खुद जहर खाया या खिलाफ गया, यह स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि वे मामले की शिकायत पुलिस से करेंगे। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।
इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दी थी दोनों की फोटो
झांसी। बताते हैं कि अचेत अवस्था में मिलने से पहले शुभम वर्मा ने अपनी और युवती की फोटो इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थी, जिसमें लिखा था तेरे बिना मरजावां। इस पर कई लोगों ने कमेंट किए। परिवार वालों ने बताया कि उसकी पढ़ाई बीच में ही छूट चुकी थी, लेकिन पिछले कुछ समय से वह 12वीं कक्षा में एडमीशन लेने की बात कह रहा था। वह तीन बहनों व दो भाइयों में सबसे छोटा था।