संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। जिले में शनिवार को कृषि विभाग ने कीटनाशक विक्रेताओं के यहां जांच की। इसमें तीन दुकानों पर फर्जी कीटनाशक बिकते पाए गए। इसके बाद तीनों दुकानों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए। वहीं, अन्य दुकानों से कीटनाशक के सैंपल भी लिए गए।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने थाना समाधान दिवस के दौरान टीम गठित कर कीटनाशक विक्रेताओं के यहां जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही ओवर रेटिंग को सख्ती से रोकने को भी कहा था। इसके बाद कृषि विभाग ने तीन टीम गठित कर पूरे जिले में दुकानों पर जांच की। इसमें मऊरानीपुर के कमाल बीज भंडार, किसान बीज भंडार और आशा बीज भंडार पर फर्जी कीटनाशक बिकते पाए गए। जिसके बाद तीनों दुकानों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए। वहीं, चार दुकानों से टीम ने कीटनाशक के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए भेजा। इसके अलावा दस विक्रेताओं को कागज पूरे न होने पर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
वर्जन
जिलाधिकारी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है, जो आगे भी जारी रहेगी। कीटनाशक की दुकानों पर गड़बड़ी मिली तो लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा।
केके सिंह, जिला कृषि अधिकारी, झांसी