झांसी। बसई के समीप रेलवे समपार फाटक संख्या 351 10 दिसंबर तक स्थानीय लोगों की आवाजाही के लिए बंद रहेगा। रेलवे समपार फाटक पर बन रहे रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्ट्रिंग गर्डर की लॉन्चिंग के साथ आवश्यक अस्थायी संरचनाओं की स्थापना करा रहा है। ऐसे में किसी प्रकार की दुर्घटना से बचाव को लेकर समपार फाटक को बंद किया गया है। पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बीना-झांसी रेलखंड पर बसई स्टेशन के समीप किलोमीटर नंबर 1090/20-22 स्थित समपार फाटक संख्या 351 पर रोड ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। निर्माण कार्य के दौरान अब रोड अंडर ब्रिज पर बो स्ट्रिंग गर्डर की लॉन्चिंग के साथ आवश्यक अस्थायी संरचनाओं की स्थापना की जानी है। ऐसे में यात्रियों एवं आमजन की संरक्षा को ध्यान में रखते हुए समपार फाटक संख्या 351 को तीन माह की अवधि के लिए अस्थायी रूप से बंद किया गया है। ऐसे में यात्री और स्थानीय लोग आगामी 10 दिसंबर तक समपार फाटक की जगह अन्य उपलब्ध वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग करेंगे।