झांसी। मिलावट के खिलाफ अमर उजाला अभियान शुरू करने जा रहा है। मंगलवार को खाद्य प्रशासन विभाग की मोबाइल वैन ओमशांति नगर कॉलोनी पहुंचेगी। शाम पांच से सात बजे तक कॉलोनीवासी नि:शुल्क खाद्य पदार्थों की जांच करा सकेंगे। झांसी में धड़ल्ले से खाद्य पदार्थों में मिलावट करके बिक्री की जा रही है। लोगों को पता ही नहीं चल पाता है कि जिन खाद्य पदार्थों का वो सेवन कर रहे हैं, उनमें से कितने मानकों पर खरे नहीं हैं। इससे लोगों की सेहत खराब होने का खतरा रहता है। इसके चलते अमर उजाला ने एफडीए के साथ मिलकर मिलावट के खिलाफ अभियान शुरू करने का फैसला लिया है। मंगलवार को अभियान के दिन शाम पांच बजे ओमशांति नगर में एफडीए की मोबाइल वैन पहुंचेगी। यहां पर दूध, घी, तेल, आटा, दाल, चावल, बेसन, मसाले आदि की जांच कॉलोनी के लोग करा सकेंगे। जांच पूरी तरह नि:शुल्क होगी। सहायक आयुक्त खाद्य हरिमोहन श्रीवास्तव ने बताया कि वैन में जांच कराने पर 10 से 15 मिनट में रिपोर्ट भी आ जाएगी। लोगों को मिलावटी खाद्य पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में भी बताया जाएगा।