समथर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार मंगलवार को नगर पालिका परिषद समथर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन नायब तहसीलदार मोंठ दीपक कुमार की अध्यक्षता में हुआ। शिविर में दिव्यांगों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में नायब तहसीलदार ने किसान सम्मान निधि, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, विधवा पेंशन, स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दैवीय आपदा के अंतर्गत किसान की मृत्यु होने पर सरकार द्वारा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना से पांच लाख रुपये की धनराशि पीड़ित परिवार को प्रदान की जाती है। उप निरीक्षक कृष्ण कुमार ने डायल 112, 1090, महिला हेल्प डेस्क, साइबर अपराधों से बचने के बारे में विस्तृत जानकारी दी। दंत चिकित्सक डॉ. एकता ने आयुष्मान योजना एवं स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में बताया। शिविर में अधिशासी अधिकारी महेंद्र सिंह चौधरी, लेखपाल सुरेंद्र प्रजापति, आरक्षी भावना चौधरी, रामप्रकाश व्यास, अवधेश झा, नवल मुदगिल, सौरभ व्यास, प्रह्लाद वाल्मीकि, विक्रम सिंह मौजूद रहे।