संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। महानगर के भगवंतपुरा में नगर निगम की एक एकड़ जमीन मौके पर नहीं मिल रही है। हालांकि काफी तलाश के बाद आधा एकड़ जमीन ही चिह्नित हो सकी है। ऐसे में आधा एकड़ जमीन की तलाश के लिए एक बार फिर नगर निगम और राजस्व विभाग के नक्शे के मुताबिक पैमाइश की जाएगी। इस बार पैमाइश के दौरान नगर निगम के अफसर भी मौके पर मौजूद रहेंगे।
महानगर के भगवंतपुरा में नगर निगम और राजस्व विभाग में नगर निगम की चार एकड़ जमीन दर्ज है जिसमें तीन एकड़ जमीन तो नगर निगम के कब्जे में है। जिस पर मुर्गा मछली मार्केट प्रस्तावित है। लेकिन एक एकड़ जमीन नहीं मिल रही थी। नगर निगम और राजस्व विभाग की पैमाइश में सिर्फ आधा एकड़ जमीन ही मिल सकी है। ऐसे में नगर निगम के अधिकारी भी सकते में आ गए हैं। जमीन की तलाश के लिए नगर निगम के आला अफसरों ने पहल शुरू कर दी है। अपर नगर आयुक्त रौली गुप्ता ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच के लिए फाइल तलब की गई है। जमीन की तलाश के लिए एक बार फिर पैमाइश कराई जाएगी। पैमाइश के दौरान नगर निगम के अफसरों की मौजूदगी रहेगी।