बबीना। नगर कांग्रेस कमेटी बबीना के अध्यक्ष सुशील जैन ने छावनी परिषद बबीना के अधिशासी अधिकारी को पत्र सौंपकर इंदिरा पार्क में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि इंदिरा पार्क में सामाजिक, साहित्यिक और राजनीतिक आयोजन होते रहते हैं, जो सांस्कृतिक चेतना एवं सामाजिक सरोकारों के लिए महत्वपूर्ण हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि पार्क में छाया, शौचालय तथा धूप और बारिश से बचाव के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण आयोजकों और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मौसम खराब होने पर कार्यक्रम भी प्रभावित होते हैं। वहीं पार्क में प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से रात के समय भी लोगों को परेशानी होती है। पत्र में कहा गया है कि छावनी परिषद की ओर से क्षेत्र में विकास कार्य कराए जा रहे हैं, ऐसे में इंदिरा पार्क में भी आवश्यक सुविधाओं का विकास कराया जाना चाहिए। कांग्रेस कमेटी ने पार्क में आगामी कार्यक्रमों को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र कराने की मांग की है।