उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा पर रक्सा थाना इलाके के सिकंदरा में प्रवासी मजदूरों के आने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को यहां मजदूरों की भारी भीड़ जमा हो गई। आगे बढ़ने से रोकने का प्रवासियों ने विरोध किया। बाद में उन्हें समझा बुझाकर गंतव्य की ओर रवाना किया गया। महाराष्ट्र, गुजरात व देश के अन्य राज्यों से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के मजदूरों शिवपुरी से होते हुए झांसी पहुंच रहे हैं। ये मजदूर रक्सा थाना इलाके के सिकंदरा से झांसी में प्रवेश कर रहे हैं। शनिवार को लगभग एक सैकड़ा ट्रकों में भरकर मजदूर यहां पहुंच थे। देर रात तक उन्हें उनके गंतव्यों तक भेजने की व्यवस्था की गई। लेकिन, रविवार को फिर मजदूर उमड़ पड़े। ट्रकों व चार पहिया वाहनों के अलावा तमाम मजदूर पैदल ही यहां पहुंच गए। सीमा पर उन्हें रोक लिया गया। इससे नाराज मजदूरों ने सड़क पर जाम लगा दिया। जिससे हाइवे का आवागमन ठप पड़ गया। सड़क पर एक ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। सूचना पाकर मौके पर प्रशासन व पुलिस के उच्चाधिकारी भी पहुंच गए। अफसरों ने मजदूरों को समझाबुझाकर गंतव्य के लिए रवाना किया। बसों के साथ-साथ मजदूरों को उनके वाहनों से भी आगे बढ़ाया गया। मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार सभी मजदूरों का ब्योरा तैयार किया जाना है। इसमें ये जानकारी रखी जानी है कि वे कहां से आए हैं और कहां की ओर जा रहे हैं, जिससे संबंधित जिले के प्रशासन को सूचना दी जा सके। इसके अलावा मजदूरों को बसों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए उनके गंतव्य स्थानों तक भेजा जाना है। इसमें थोड़ा समय लगता है। लेकिन, कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए ये कवायद बेहद जरूरी है।