बिजली उपभोक्ता अप्रैल महीने के बिल की धनराशि का पता एसएमएस भेजकर कर सकते हैं। इसके लिए उपभोक्ता को मोबाइल पर नंबर 5616195 से बिल स्पेस अपना बिजली एकाउंट नंबर लिखकर भेजना है। विभाग एसएमएस के जरिये ही उपभोक्ता के पास तीन महीने का औसत बिल बनाकर भेज देगा। इस बिल को उपभोक्ता ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। उपभोक्ता बिजली विभाग की वेबसाइट पर जाकर भी अपना बिल देख सकते हैं। बिजली विभाग के लिए लॉकडाउन के दौरान घर- घर मीटर रीडर भेजकर बिल बनवाना संभव नहीं है। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के निर्देश पर विभाग ऑनलाइन बिल जारी कर रहा है। यह बिल उपभोक्ता के तीन महीनों की बिल में आई यूनिटों के औसत के हिसाब से बनाया जा रहा है। बिल की राशि का पता मोबाइल पर नंबर 5616195 से बिल स्पेस अपना बिजली एकाउंट नंबर लिखकर भेजने पर लग जाएगा। जिन उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर पंजीकृत नहीं हैं वे ऑनलाइन अपने बिल को देख सकते हैं। ऑनलाइन ही बिल की राशि जमा की जा सकती है। इस संबंध में अधीक्षण अभियंता (महानगर) राकेश वार्ष्णेय ने बताया कि अप्रैल में तीन महीने की यूनिटों की औसत के हिसाब से बिल जारी होना शुरू हो गए हैं। जब बिल सामान्य रूप से बनने लगेंगे, तब मीटर में आई यूनिटों को जमा बिल के हिसाब से समायोजित कर दिया जाएगा। अभी तक सात सौ उपभोक्ता अपना ऑनलाइन बिल जमा कर चुके हैं।