झांसी। माताटीला डैम से लापता किशोरी की शुक्रवार को एसडीआरएफ की टीम ने तलाश की। कई घंटे तलाशी अभियान के बाद भी टीम के हाथ कोई कामयाबी नहीं आई।
गुमशुदा किशोरी की तलाश के लिए बृहस्पतिवार को लखनऊ से एसडीआरएफ टीम यहां पहुंची थी। टीम ने नौ दिन पुराना मामला होने के चलते पहले तलाश अभियान चलाने में दिलचस्पी नहीं दिखाई लेकिन, पुलिस अफसरों के दखल देने पर टीम तलाशी अभियान चलाने पर राजी हो गई। शुक्रवार को अलग-अलग टीमों ने मोटर बोट के माध्यम से नदी के बहाव की दिशा में तलाशी अभियान शुरू किया। झरर घाट से अभियान शुरू हुआ। कई घंटे तक टीम झरर घाट से बेतवा के बीच तलाश करती रही लेकिन, कहीं भी कोई सुराग उनके हाथ नहीं आया। दस दिन पहले नाबालिग युगल ने बांध से छलांग लगा दी थी। इसके बाद पुलिस को किशोर का शव बांध के भीतर से बरामद हो गया जबकि अभी तक किशोरी का कुछ भी पता नहीं चला है। कुछ दिन पहले किशोरी का स्कूल बैग और जैकेट ही डैम के पास पानी से बरामद हुआ था।
इनसेट
कूदने से पहले बनाई थी बाकायदा प्लानिंग
बबीना पुलिस ने शुक्रवार को मृत किशोर के दोस्तोें के बयान भी दर्ज किए। इस दौरान उसके एक दोस्त ने पुलिस को बताया कि किशोर घटना से एक दिन पहले डैम में गया था। वहां पहुंचकर उसने अपने पास से कुछ सामान नीचे डैम में फेंका था। पलिस का कहना है कि बातचीत से संभावना दिखाई पड़ रही कि किशोर ने डैम में कूदने की पहले से प्लानिंग बनाई थी।