अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सर्किट हाउस में उत्तर प्रदेश महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती सिंह ने महिला कल्याण विभाग समेत अन्य विभागों की समीक्षा बैठक की। बालिकाओं और महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शरारती तत्वों और मनचलों पर नियंत्रण के लिए सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माध्यमिक शिक्षा और बेसिक शिक्षा के अंतर्गत अध्ययनरत बालिकाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का लाभ दिलाएं। अभिभावकों को बालिकाओं की शिक्षा पर ध्यान आकर्षित करने के लिए प्रेरित करें। महिलाओं और बालिकाओं के कल्याण और स्वावलंबन की योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर पात्रों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी सुरेंद्र कुमार पटेल ने महिला कल्याण विभाग की योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। इस दौरान बाल कल्याण समिति की सदस्य परवीन खान, किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य रानी शर्मा, स्नेहा गुप्ता, एडीपीआरओ फूलचंद्र मौजूद रहे।