अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। एडीजी (कानपुर जोन) आलोक सिंह ने शुक्रवार शाम पुलिस लाइन सभागार में बैठक करते हुए कानून व्यवस्था का जायजा लिया। एडीजी ने हालिया रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचने वाली घटनाओं को देखते हुए सिविल एवं जीआरपी को घटनाओं वाले स्थान चिन्हित करते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। कहा, ऐसी घटनाओं को रोकने के सामूहिक उपाय किए जाएं। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से निपटेगी।
समीक्षा बैठक के बाद एनकांउटर किए जाने के तरीकों पर उठ रहे सवालों पर कहा कि पुलिस पर जब हमला होता है तभी प्रति उत्तर में वह जवाबी फायरिंग करती है। पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करती रहेगी। समीक्षा के दौरान एडीजी ने नवरात्रि, दशहरा, दीपावली पर भीड़भाड़ वाले इलाकों के साथ मॉल, होटल आदि में सुरक्षा व्यवस्था समेत पैदल गश्त के निर्देश दिए। उन्होंने सामाजिक एवं व्यक्तिगत रूप से स्थापित प्रतिमाओं पर भी सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए। लंबित मामलों के निस्तारण पर भी जोर दिया। बैठक में डीआईजी कलानिधि नैथानी, एसएसपी सुधा सिंह सहित जालौन, ललितपुर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।