झांसी। पहाड़ों की ओर से आने वाली पछुआ हवाओं की रफ्तार धीमी पड़ते ही अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। प्रदेश में झांसी का अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा रहा। आने वाले दिनों में तापमान में और इजाफा होने का पूर्वानुमान है। उत्तर-पश्चिमी दिशा से आने वाली तेज हवाओं की वजह से पिछले पांच-छह दिनों में दिन में धूप का बहुत असर देखने को नहीं मिल रहा था। सूरज ढलते ही सिहरन होने लगती थी। करीब 20 से 25 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं। शनिवार को हवाओं की रफ्तार धीमी होते ही ठंड का ग्राफ भी कम हो गया। साथ ही तापमान में भी इजाफा होने लगा। झांसी का अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो कि सामान्य से 2.5 डिग्री ज्यादा है। वहीं, न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से एक डिग्री कम है। कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार सिंह का कहना है कि जैसे-जैसे हवाओं की रफ्तार और कम होगी, वैसे-वैसे तापमान में बढ़ोतरी होती रहेगी। आगामी दो-तीन दिन में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ब्यूरो