झांसी। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए पुलिस ने आपरेशन क्लीन चलाया है। इस दौरान जनपद में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 327 अपराधियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। आचार संहिता एवं कोरोना प्रोटोकॉल का पालन न करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
बृहस्पतिवार को एसपी सिटी डा.विवेक त्रिपाठी ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए पुलिस ने लगातार अभियान चला रखा है। पूरे जनपद से वारंटी समेत अन्य मामलों में फरार चल रहे आरोपी को अभियान चलाकर
पकड़ा गया। पुलिस को इस दौरान कुल 327 आरोपियों को पकड़ने में कामयाबी मिली। इनमें आर्म्स एक्ट के तहत 9 आरोपियों को पकड़कर जेल भेजा गया। उनके पास से देशी तमंचा एवं चाकू बरामद हुए। निरोधात्मक कार्रवाई में 168
अभियुक्त पाबंद किए गए। जुआ खेलने वालों के खिलाफ कुल 9 मामले दर्ज करके 38 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनसे कुल 66230 रुपये बरामद किए।
एनडीपीएस एक्ट के तहत 50 अभियुक्तों को पकड़कर उनके पास से कुल 2415 लीटर अवैध कच्ची शराब एवं 145 क्वार्टर देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने 14 हजार लहन भी नष्ट किया। आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में 19 के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत हुआ। यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। नियमों को तोड़ने, काली पन्नी आदि का इस्तेमाल करने समेत अन्य आरोप में
509 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई हुई। उनसे कुल 7,87,500 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। जनपद में कुल 6348 लोगों के खिलाफ अलग-अलग मामलों में कार्रवाई
की गई। एसपी सिटी का कहना है कि कोरोना प्रोटोकॉल का पालन न करने वालोें के खिलाफ भी सख्ती की जा रही है। रोजाना अभियान चलाकर मास्क न लगाने वालों के चालान किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि दो दिन में 81 लोगोें के खिलाफ 8950 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।