झांसी। होटल कारोबारी प्रदीप साहू (57) का शव शुक्रवार दोपहर पाल कॉलोनी के पास रेलवे ट्रैक में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। उनका अपने भाईयों के साथ करोड़ों की प्रापर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार के लोगों ने विवादित प्रतिष्ठान में पहुंचकर तोड़फोड़ कर दी। बड़े पुत्र अभिषेक ने पिता की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पंचनामा के लिए भेज दिया है।
अभिषेक के मुताबिक रोजाना की तरह उनके पिता ने सुबह सबके साथ नाश्ता किया। करीब दस बजे वह एक जरुरी काम से निकलने की बात कहकर घर से निकल गए। दोपहर करीब एक बजे पुलिस ने उनका शव पाल कॉलोनी के पास से बरामद होने की बात बताई। घटना की बात सुनकर परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए। रेलवे ट्रैक से कुछ दूर में उनकी मोटर साइकिल पड़ी हुई थी। शव के पास से उनका मोबाइल भी बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। प्रदीप की मौत की सूचना जैसे ही उनके घर पहुंची पत्नी इंद्रा अपना आपा खो बैठीं। रोते-बिलखते वह घर से थोड़ी स्थित मिड वे पैलेस पहुंच गईं। यहां उन्होंने तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। बाहर की ओर लगे कांच तोड़ दिए। बाहर की ओर लगाई सजावटी वस्तुओं को भी नीचे गिरा दिया। तब तक परिवार की अन्य महिलाएं भी वहां पहुंच गईं। उन्होंने किसी तरह उनको संभाला। यहां करीब
आधा घंटे तक हंगामा चलता रहा। पत्नी इंद्रा तमाम महिलाओं के साथ वहीं पर बैठ गईं। हंगामे की सूचना मिलने पर सीपरी बाजार पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है।