शुरू हुई रेल फ्रैक्चर
झांसी। रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म एक से आरआरआई केबिन की तरफ जाने वाली पटरी शनिवार की सुबह चटक (रेल फ्रैक्चर) गई। गनीमत रही कि उसे वक्त पर देख लिया गया। इससे कोई अप्रिय घटना नहीं हो सकी। इस मामले के कारण एक मालगाड़ी लेट हो गई।
सर्दी शुरू होते ही ठंडक के कारण पटरी सिकुड़ने लगती है। ऐसे में पटरी चटकने की घटनाएं बढ़ जातीं हैं। यही कारण है कि सर्दियों में ट्रैकमैन व पेट्रोल मैन की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। वह पेट्रोलिंग के दौरान बार- बार पटरियों की जांच करते रहते हैं। वक्त पर पता न लगने पर यह दुर्घटना का भी कारण बन जाती है। मौसम में ठंडक बढ़ते ही रेल फ्रैक्चर की घटनाएं शुरू हो गईं हैं।
शनिवार की सुबह रेलवे स्टेशन के मानिकपुर प्लेटफार्म के बगल से जाने वाली पटरी पर किलोमीटर नंबर 1127/ 13 पर पटरी चटक गई। यह खामी एक प्वाइंट्समैन ने पकड़ ली। सूचना पर उक्त रेल लाइन का संचालन रोक दिया गया। इसके बाद रेल पथ निरीक्षक ने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचकर पटरी की वेल्डिंग कर उसे दुरुस्त करवाया।