झांसी। झांसी डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (जेडीसीए) की ओर से सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट मैदान पर स्वर्गीय मदन मोहन मिश्रा टी-20 क्रिकेट मुकाबले का शुभारंभ हुआ। शुरुआती मुकाबले में झांसी डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की टीम ने उन्नाव क्रिकेट एसोसिएशन की टीम को शिकस्त देकर उद्घाटन मुकाबले में जीत दर्ज की।
समारोह में डीआईजी जोगेंद्र कुमार मुख्य अतिथि रहे। मुकाबले में जेडीसीए के कप्तान मुदस्सर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए उन्नाव क्रिकेट एसोसिएशन की टीम ने निर्धारित बीस ओवरों में नौ विकेट खोकर 116 रन बनाए। जिसमें बल्लेबाज साहिल ने 14 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए 30 रन बनाए। सौरभ सिंह ने 15, रौनक सिंह ने 26, किशन कश्यप ने 17 रन बनाए। जेडीसीए की ओर से गेंदबाज विकास बेंदया ने तीन, अक्षय सेन ने दो तथा जितेंद्र दीक्षित ने एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी झांसी डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (जेडीसीए) टीम के खिलाड़ी विवेक राज मिश्रा व अर्पित साहू ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शानदार स्ट्रोक लगाए। जिसमें विवेक मिश्रा ने 39 गेंदों पर चार चौके व तीन छक्कों के साथ 53 रन बनाए। वहीं बल्लेबाज अर्पित साहू ने 44 गेंदों पर सात चौके और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 56 रनों की पारी खेली। जेडीसीए टीम ने 15.1 ओवरों में लक्ष्य का पीछा कर जीत हासिल की।
उन्नाव टीम की ओर से मिलन यादव एवं साहिल ने एक-एक विकेट हासिल किया। मैच के दौरान संदीप सरावगी, प्रणय श्रीवास्तव, असद उल्ला, अमन मदान, शशिकांत द्विवेदी, हरीमोहन बंसल, उमाशंकर अग्रवाल, मनोज श्रीवास्तव, बकुल वर्मा, संजय साहनी, विवेक खत्री, निखिल मिश्रा, संजय यादव, प्रतीक मजूमदार, मोहम्मद रहूफ, अलीम बेग, हरजीत सिंह मौजूद रहे। संचालन अखिलेश मिश्रा ने किया। मैच के दौरान अश्विनी मनध्यानी और परवेज खान अंपायर रहे।