झांसी-शिवपुरी हाईवे पर हुई सड़क दुर्घटना में रेल कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि पत्नी घायल हो गई। पुलिस ने बताया कि उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
नंदनपुरा की गली नंबर पांच में रहने वाले रेल कर्मचारी छक्कीलाल पाल (58) अपनी पत्नी राजवती पाल (56) के साथ बाइक पर सवार होकर शिवपुरी के करैरा जा रहे थे। वे अपनी मौसी के यहां आयोजित शादी समारोह में हिस्सा लेने जा रहे थे।
हाईवे पर डगरवाहा गांव पहुंचने पर उन्हें एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन इलाज के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में छक्कीलाल की मौत हो गई। जबकि, पत्नी का इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है। बता दें कि मृतक के दो बेटे और दो बेटियां हैं। सभी की शादी हो चुकी है।