अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। झांसी के लोग खर्च के साथ बचत पर भी खूब ध्यान दे रहे हैं। सरकार की जमा योजनाओं के प्रति झांसी के लोगों में इस कदर विश्वास बढ़ा है कि उन्होंने एक साल में आठ अरब से ज्यादा की बचत करके प्रदेश में पहला स्थान पाया है। आलम यह है कि यहां लक्ष्य के मुकाबले 224 फीसदी अधिक धन बचत योजनाओं में जमा हुआ है।
राष्ट्रीय बचत योजना के तहत झांसी जनपद को वित्तीय वर्ष 2023-24 में तीन अरब 85 करोड़ 66 लाख रुपये की बचत का लक्ष्य दिया गया था। लेकिन, यहां के लोगों ने लक्ष्य को पीछे छोड़ते हुए 224 प्रतिशत से अधिक धनराशि बचत योजनाओं में जमा की है। यहां के लगभग एक लाख लोगों ने आरडी, किसान विकास पत्र, राष्ट्रीय बचत पत्र, मासिक आय योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, पीपीएफ अकाउंट, वरिष्ठ नागरिक बचत योजना समेत अन्य योजनाओं में आठ अरब 64 करोड़ 26 लाख रुपये जमा किए हैं।
000000
झांसी मंडल भी रहा अव्वल
बचत के मामले में झांसी जनपद के साथ-साथ मंडल ने भी प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। लक्ष्य के सापेक्ष मंडल के लोगों ने 214 प्रतिशत अधिक बचत की है। दूसरे नंबर पर लखनऊ और तीसरे पर प्रयागराज मंडल रहा है। वहीं, सर्वाधिक बचत करने वाले प्रदेश के टॉप टेन जिलों में मंडल के ललितपुर और जालौन जनपद ने भी जगह बनाई है। ललितपुर में लक्ष्य के सापेक्ष 201 प्रतिशत और जालौन में 191 प्रतिशत अधिक धनराशि बचत योजनाओं में जमा की गई है।
000000
बचत करने में महिलाओं की बड़ी भागीदारी
बचत करने में महिलाओं की बड़ी भागीदारी रही है। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि जिले में 982 एजेंट कार्यरत हैं और इनमें से 645 महिलाएं हैं, जो विभिन्न बचत योजनाओं में लोगों का निवेश कराने में सक्रिय भूमिका अदा कर रहीं हैं।
000000
फोटो
बचत में झांसी जिले के साथ-साथ मंडल ने प्रदेश की रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया है। यहां के लोगों ने लक्ष्य से कई गुना अधिक बचत की है। यह बड़ी उपलब्धि है। - अरविंद गौर, जिला बचत अधिकारी