रक्सा थाना इलाके के पुनावली रोड निवासी स्व. रामशरण की बेटी कंचन राजपूत महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में संविदा पर नर्स के पद पर तैनात थी। 26 अप्रैल 2021 को उसकी शादी रेलवे में कार्यरत दिनारा निवासी राजेश राजपूत से हुई थी। शादी के बाद से दोनों पति- पत्नी प्रेमनगर क्षेत्र में किराए के मकान में रहते थे। मंगलवार को रोजाना की तरह कंचन दोपहर 2 बजे मेडिकल से अपनी ड्यूटी करके लौटी। इसके बाद उसने पति से कहा कि वह अपनी मां के घर पुनावली रोड जा रही है।
बुधवार की सुबह आ जाएगी। मां के घर में उस समय कोई नहीं था। मां के घर की एक चाबी कंचन के पास थी, जिससे ताला खोलकर वह घर में दाखिल हो गई। शाम तकरीबन 7:30 बजे कंचन ने अपनी मां के मोबाइल पर फोन किया और कहा कि वह बहुत टेंशन में है और मरने जा रही है, इस पर माँ घबरा गई। मां ने तत्काल इसकी सूचना रक्सा थाना पुलिस को दी। पुलिस मकान पर पहुंच गई।
पुलिस ने पड़ोसियों की मकान मदद से मकान के दरवाजे तोड़े और अंदर दाखिल हो गई। अंदर पलंग पर कंचन बेसुध अवस्था में पड़ी हुई थी। पास में ड्रिप तथा 3-4 इंजेक्शन पड़े हुए थे। पुलिस ने तत्काल उसे एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा। यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतका की मां मिथिला देवी ने बताया कि उनका अपने देवर से विवाद चल रहा था। आए दिन झगड़े होते थे। कंचन इससे बहुत परेशान रहती थी, इसी टेंशन में उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
बता दें कि कंचन अपने पांच बहनों में सबसे छोटी थी और उसकी शादी के दिन ही पिता की कोरोना वायरस से मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार नर्स ने नशीले इंजेक्शन लगाकर जान दी। मामले की पड़ताल की जा रही है।