झांसी। झांसी में चार दिनों में 48 मिलीमीटर बारिश हो सकती है। ये पूर्वानुमान मौसम विभाग ने जताया है। सबसे ज्यादा 23 मिलीमीटर बरसात आठ अगस्त को होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
मानसूनी सीजन में अब तक अच्छी बारिश का इंतजार है। बारिश के आंकड़े बताते हैं कि इस बार झांसी में सूखा पड़ सकता है। इसी बीच मौसम विभाग ने जो पूर्वानुमान जताया, उससे लोगों को कुछ हद तक राहत मिलेगी। सात से 10 अगस्त तक जनपद में 48 मिलीमीटर पानी गिरने की संभावना है। रविवार को 12, सोमवार को 23, बुधवार को 11 और बृहस्पतिवार को 12 मिलीमीटर बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 33 से 34 और न्यूनतम 23 से 26 मिलीमीटर के बीच रह सकता है। दक्षिण-पूर्व की ओर से पांच से लेकर 15 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में गर्मी से राहत तो मिलेगी मगर बारिश के बाद धूप खिलने से लोगों को उमस परेशान कर सकती है।
किसान इनका रखें ध्यान
मौसम विभाग के मुताबिक चार दिनों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की उम्मीद है। किसानों को सलाह दी कि तिल, उर्द, मूंग फसल के खेत से अधिक पानी को बाहर निकालें। संपूरक सिंचाई और भूमिगत जल स्तर में सुधार के लिए तालाबों में वर्षा जल का संचय करें। फलदार पौधों की रोपाई करें। मौसम के मद्देनजर दलहनी, तिलहनी फसलों के खेतों से जन निकास का उचित प्रबंध करें।