पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा को हिंदी भाषा का अध्ययन कराने वाले सदर बाजार निवासी बृजमोहन मिश्रा का शनिवार को 83 वर्ष की आयु में निधन हो गया। श्याम चोपड़ा मुक्तिधाम पर उनका अंतिम संस्कार हुआ। स्व. बृजमोहन मिश्रा लंबे समय तक विधि व्यवसाय से जुड़े रहे। इसके अलावा कैंट बोर्ड, रेलवे की विभिन्न समितियों व श्रमिक संगठनों से उनका जुड़ाव रहा।
स्व. बृजमोहन मिश्रा को 1996 में देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा को हिंदी भाषा का अध्ययन कराने का अवसर हासिल हुआ था। इसके अलावा 15 अगस्त 1996 को देवगौड़ा ने लाल किले की प्राचीर से जो भाषण दिया था उसका लेखन बृजमोहन मिश्रा ने ही किया था। उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शोक जताया। जनप्रतिनिधियों ने उनके घर पहुंचकर दिवंगत के परिजनों को ढांढस बंधाया।