बालू के अवैध खनन की सूचना पर शुक्रवार-शनिवार की मध्य रात पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने एरच में स्थित डेरा घाट पर छापा मारा था। उस वक्त वहां तीन मजदूर बैठकर आग से ताप रहे थे। टीम को देखकर तीनों ने बेतवा नदी में छलांग लगा दी थी।
नदी में कूदने वालों में से दो मजदूर नदी में तैरते हुए बाहर आ गए थे और वह सुबह अपने गांव पहुंच गए थे। लेकिन, जालौन जिले के थाना आटा के ग्राम कुरैना निवासी राजबहादुर (59) का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। जबकि, शनिवार को पूरा दिन मछुआरे व ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे रहे। रविवार को भी सुबह से तलाश जारी है, लेकिन अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।