भाजपा के झांसी सदर विधायक रवि शर्मा
- फोटो : twitter
झांसी में भाजपा के सदर विधायक रवि शर्मा ने माफियाओं से अपनी जान का खतरा बताया था। इस पर रविवार की सुबह विधायक के अयोध्यापुरी स्थित आवास पर भारी संख्या में उनके समर्थक पहुंच गए। इस दौरान समर्थकों ने जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि वह उनकी जान बचाने के लिए अपनी जान की बाजी लगा देंगे। बाद में विधायक ने सभी को समझाबुझाकर वहां से वापस भेज दिया।
बता दें कि बीते रोज भाजपा के सदर विधायक रवि शर्मा ने जारी किए गए बयान में कहा था कि सरकार बनने के बाद अपराधी भाजपा के झंडे के नीचे आ रहे हैं। ट्रकों पर स्कूटर के नंबर लिखवाकर खनन का अवैध परिवहन कर रहे हैं। इससे राजस्व का नुकसान तो हो ही रहा है, साथ ही सरकार की छवि भी धूमिल हो रही है। ऐसे लोग झांसी से सटे मध्य प्रदेश के बॉर्डर पर टेंट लगाकर बड़े पैमाने पर जुआ खिला रहे हैं। पुलिस की मिलीभगत से यह काम हो रहा है। डीआईजी, एसएसपी का भी इन्हें खौफ नहीं है।