अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शहर कोतवाली इलाके में रहने वाले पंजाब नेशनल बैंक के हेड कैशियर के घर से चोरों ने पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी व गृहस्थी का अन्य सामान चोरी कर लिया। छत के रास्ते चोर घर में दाखिल हुए और सीसीटीवी कैमरे के तार काटकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
पंजाब नेशनल बैंक की सिविल लाइन शाखा के हेड कैशियर और भूतपूर्व सैनिक विवेक यादव डडियापुरा में सपना मैरिज गार्डन के सामने रहते हैं। शनिवार को वह परिवार के साथ तालबेहट में रहने वाले एक दोस्त के यहां गए हुए थे। वहां से वह अगले दिन रविवार की सुबह वापस आए। उन्होंने चाबी लगाकर घर के मुख्य द्वार का ताला खोलने की कोशिश की, परंतु वह खुला नहीं। दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद वह पड़ोस के मकान से अपने घर की छत पर पहुंचे। छत का दरवाजा खुला हुआ था और रोशनदान की ग्रिल उखड़ी हुई थी। घर के अंदर के कमरों में सामान बिखरा पड़ा था, जबकि अलमारी के दरवाजे टूटे हुए थे। अलमारियों में रखे पांच लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 60 हजार रुपये नकद गायब थे। विवेक यादव ने बताया कि चोर छत के रोशनदान की ग्रिल उखाड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने छत का दरवाजा खोल लिया। छत पर लगा सीसीटीवी कैमरे का तार भी कटा हुआ था। विवेक ने बताया कि चोरों ने पूरी तसल्ली के साथ घटना को अंजाम दिया। यहां तक की चोर घर में रखी क्रॉकरी व मेवा तक अपने साथ ले गए। चोरों ने पूरे घर को खंगाला। हेड कैशियर की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के जरिये चोरों की तलाश की जा रही है।
शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि घटना का मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।