कई कॉलोनी में अधिग्रहण से छूटी जमीन का प्रस्ताव होगा अहम
भूखंड के गलत आवंटन के मामलों में किया जाएगा सुधार
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) बोर्ड की बैठक जल्द होने जा रही है। इसमें कई कॉलोनियों में गलत आवंटन और अधिग्रहण से छूटी जमीन के मसलों पर अंतिम फैसला होगा। शुक्रवार को प्राधिकरण की टीम बोर्ड बैठक में लिए गए प्रस्तावों का मसौदा तैयार करने में जुटी रही। चर्चा है कि देर शाम तक 10 प्रस्तावों को अंतिम रूप दे दिया गया।
प्राधिकरण ने बोर्ड की बैठक बुलाने की तैयारी शुरू कर दी है। एक तरफ बोर्ड की बैठक में चर्चा के लिए प्रस्तावों को बनाने का काम किया जा रहा है। दूसरी तरफ मंडलायुक्त से समय मिलने का इंतजार हो रहा है। सूत्रों का कहना है कि जैसे ही मंडलायुक्त बैठक की तारीख तय करेंगे, वैसे ही प्रस्तावों को अंतिम रूप देना शुरू हो जाएगा। बताते हैं कि शुक्रवार को करीब 10 प्रस्तावों को तैयार किया गया है, जिसमें वेतबा विहार में कई जगह अधिग्रहण से छूटी जमीनों को अधिग्रहण करने और वीरांगना कॉलोनी, सारंध्रा कॉलोनी और वेतबा कॉलोनी में कुछ आवंटियों को गलत भूखंड आवंटन का प्रस्ताव रखा जाएगा। बोर्ड बैठक में प्रस्तावों पर मुहर लगने के बाद न सिर्फ गलत भूखंड आवंटन की शिकायतें निस्तारित होंगी बल्कि छूटी हुई जमीनों का अधिग्रहण भी होगा। जेडीए उपाध्यक्ष आलोक कुमार का कहना है कि प्राधिकरण बोर्ड की बैठक जल्द बुलाई जाएगी। मंडलायुक्त से समय मिलने के बाद ही तारीख का निर्धारण होगा।