परिवहन विभाग की ओर से जिले से कानपुर व लखनऊ रूट के लिए जनरथ एसी सेवा शुरू की गई है। सफर को आरामदायक बनाने के लिए मनोरंजन के लिए एलसीडी की व्यवस्था की गई है। साथ ही मुफ्त में पानी बंद बोतलें मिलेगी। अभी मुख्यालय से चार बसें आवंटित हुई है। शेष छह अन्य बसों के मिलते ही उन्हें, दिल्ली, गोरखपुर व बनारस, प्रयागराज रूटों पर चलाया जाएगा।
झांसी डिपो से एक बार फिर रोडवेज की एसी बस सेवा शुरू हुई है। इससे पहले लगभग 8 वर्ष पहले शीतल बस सेवा के अंतर्गत एसी बस का संचालन झांसी डिपो से होता था, लेकिन डिपो में मरम्मत की समस्या के चलते यह सेवा बंद हो गई थी। रोडवेज मुख्यालय के अनुसार जनरथ बस सेवा में संचालित हुई एसी बसों की मरम्मत झांसी डिपो में होगी। हालांकि अभी यह वारंटी समय में है। सेवा प्रबंधक तुलाराम वर्मा ने बताया कि यह एसी बसें नॉन स्टाप है। इनमें मनोरंजन के लिए एलसीडी, एफ एम और यात्रियों को मुफ्त बोतलबंद पानी देने की सुविधाएं है। झांसी बस स्टैंड से लखनऊ के लिए पहली एसी बस सुबह 7:30 बजे से, कानपुर के लिए सुबह 8:30 बजे से, दोपहर 4:30 बजे से और शाम 6 बजे से रवाना हो रही है। इनमें कानपुर के लिए 345 रुपये और लखनऊ के लिए 464 रुपये किराया है।
बॉडी वार्म कैमरा से लैस होंगे रोडवेज के निरीक्षक
रोडवेज की बसों में यातायात निरीक्षक अब बॉडी वार्म कैमरा से लैस होंगे। ताकि यह पता चल सके कि यात्री से वह किस प्रकार का जुर्माना शुल्क ले रहा है। रोडवेज मुख्यालय के निर्देश के अनुसार यह कैमरा पायलट प्रोजेक्ट के अंतर्गत दिए जाएंगे। जो उनकी वर्दी में फिट रहेंगे। मुख्यालय के निर्देशानुसार अगर कोई यात्री बिना टिकट पकड़ा जाता है, तो उससे वास्तविक किराया का दस गुना अथवा पांच सौ रुपये वसूलना होगा। जुर्माना न देने पर यातायात निरीक्षक पुलिस स्टेशन ले जाकर उसके खिलाफ कार्रवाई कराएगा।