झांसी। माननीयों के बीच चली आ रही तनातनी में रोज मुकदमेबाजी हो रही है। बीते दिन सदर विधायक के करीबी रियल एस्टेट कारोबारी से जुड़े युवक के साथ मारपीट के मामले में 14 नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। अब विधायक के करीबी रियल एस्टेट कारोबारी पर भी जमीन कब्जाने का आरोप लगा है। आरोप लगाने वालों ने कहा है कि अगर न्याय नहीं मिला तो वह लोग आत्मदाह करेंगे।
एसएसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में गरियागांव निवासी चंदन सिंह का कहना है कि जमीन को लेकर कुछ लोगों से उसका विवाद चल रहा है। विधायक की शह पर एक बिल्डर ने जबरदस्ती उनकी जमीन पर कब्जा जमा रखा है। कुछ दिन पहले उसे जान से मार डालने की कोशिश की गई। उसने प्रेमनगर थाना पहुंचकर शिकायत की लेकिन, पुलिस ने थाने से भगा दिया। उसे लगातार जान से मार डालने की कोशिश की जा रही है। वीडियो में चंदन मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाता हुआ दिखाई पड़ रहा है। उसका कहना है सुनवाई न होने पर मुख्यमंत्री कार्यालय के सामने जाकर आत्मदाह करने को मजबूर होगा। चंदन ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर आरोपी बिल्डर एवं उसके भाई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।