झांसी। सदर विधायक के करीबी बिल्डर अभिषेक भार्गव और उसके भाई समेत अन्य के खिलाफ जमीन कब्जाने एवं अन्य गंभीर आरोपों में नवाबाद और प्रेमनगर पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इसे दोे विधायकों के बीच चल रही अदावत से भी जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं, सत्तादल के विधायकों के बीच का मामला होने से जिले के वरिष्ठ पुलिस अफसर भी कुछ बोलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।
प्रेमनगर के गढ़िया गांव निवासी शकुंत राजपूत पत्नी चंदन सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अभिषेक भार्गव, सुमित भार्गव, राजू बघेल, निखिल जोशी, सुमित पटैरिया, पंकज शर्मा, निसार अहमद उर्फ गुड्डू समेत पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। चंदन ने बृहस्पतिवार को वीडियो वायरल करके आरोपियों पर जमीन कब्जाने के लिए मारपीट का आरोप लगाया था। कार्रवाई न होने पर मुख्यमंत्री कार्यालय के बाहर आत्मदाह करने तक का अल्टीमेटम दे डाला। इसके बाद ही प्रेमनगर पुलिस हरकत में आई। उसने सभी आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 447, 504,506, 323, 147 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं, नवाबाद थाने में सिविल लाइंस स्थित क्रिश्चियन कैंपस में जमीन कब्जा करने के आरोप में भी अभिषेक भार्गव, शिवम चौबे के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट तालपुरा निवासी चंद्रभान आदिम ने दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि 16 दिसंबर को अभिषेक एवं शिवम उसकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गालौज एवं मारपीट की। जान से मार डालने की धमकी देते हुए उसे वहां से भगा दिया। चंद्रभान की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट, 392, 323,342 एवं 504 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।