अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। कहीं ओवरलोडिंग से फाल्ट होने तो कहीं जंफर टूटने से सोमवार रात चार से पांच घंटे तक बिजली बाधित रही। मंगलवार को भी कई बार आधा-पौन घंटे के लिए बिजली गुल हुई। इस वजह से डेढ़ लाख से ज्यादा की आबादी को बिजली संकट झेलना पड़ा।
सोमवार रात करीब 11 बजे नंदनपुरा में 33केवी लाइन का जंफर टूट गया, इससे खाती बाबा, दीनदयाल नगर, ईसाई टोला, केके पुरी, आवास विकास कॉलोनी, कमल चौराहा आदि क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। थोड़ी देर में बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत शुरू की, तब कहीं जाकर तड़के करीब तीन बजे आपूर्ति शुरू हो सकी। वहीं, ओवरलोडिंग की वजह से अली गोल खिड़की बाहर, मास्टर कॉलोनी, गंदी का टपरा, साईं का तकिया, खुशीपुरा, तालपुरा, कसाई मंडी, कपूर टेकरी, मोहनी बाबा एरिया, नगरिया कॉलोनी, काली माई मंदिर एरिया, सैयर गेट, ओरछा गेट आदि क्षेत्र की बिजली सोमवार की रात चार घंटे से ज्यादा देर तक बाधित रही। इससे लोगों की रात की नींद नहीं पूरी हो सकी।
उधर, मंगलवार को फिल्टर रोड, अयोध्यापुरी, बालाजी रोड, सीपरी बाजार, आदर्श नगर आदि मोहल्लों में आधा-पौन घंटे के लिए कई बार बिजली आपूर्ति बाधित हुई। अधिशासी अभियंता शहर यूडी सोनकर ने बताया कि नंदनपुरा में 33केवी लाइन का जंफर टूटने की वजह से बिजली आपूर्ति कई इलाकों में बंद रही।
ओवरलोडिंग से रात में फाल्ट, दिन में सुधार
झांसी। बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता (शहर) चंद्रजीत प्रसाद का कहना है कि रात में सब स्टेशन ट्रिप होने, तार और जंफर के टूटने की वजह बिजली की खपत 142 फीसदी तक पहुंच जाना है। इतनी ज्यादा ओवरलोडिंग कोई भी बिजली का उपकरण नहीं झेल सकता है। उन्होंने बताया कि अब दिन में बिजली की खपत लगभग सामान्य रहती है। देर शाम सात से रात एक बजे तक इतनी ज्यादा ओवरलोडिंग हो जाती है कि सुचारु बिजली आपूर्ति करना मुश्किल हो जाता है।