झांसी। स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत बनाए जाने वाले मेडिकल जांच केंद्र के ईसाई टोला में बनने का रास्ता साफ हो गया है। नगर निगम प्रशासन ने इसके लिए जमीन चिन्हित कर ली है। जल्द ही यहां केंद्र का निर्माण आरंभ हो जाएगा। इसके आरंभ होने से पूरे इलाके के लोगों को सस्ती दरों में मेडिकल जांच की सुविधा हासिल हो सकेगी।
स्मार्ट सिटी मिशन के जरिए स्मार्ट हेल्थ सेंटर परियोजना आरंभ की गई है। इसके माध्यम से बेहद किफायती दरों में मेडिकल जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जानी है। मुख्य जांच केंद्र तालपुरा में बनाया जा रहा जबकि चार जगहों पर अलग केंद्र तैयार किए जाने थे। बड़ी आबादी के नगरा इलाके में निवास करने की वजह से एक केंद्र यहां खोला जाना था लेकिन, जमीन न होने से वहां संभव नहीं हो पा रहा था। निवर्तमान पार्षद सिद्घार्थ अहिरवार ने दस हजार से अधिक लोगों के हस्ताक्षर कराकर यहां केंद्र खोलने की मुहिम चलाई। आखिरकार निगम अफसरों ने जमीन की तलाश शुरू कराई। काफी तलाशने के बाद ईसाई टोला के बिहारीपुरा मोहल्ले में उपयुक्त जमीन पाई गई। यहां कैंसर समेत तीन सौ से अधिक जांच किफायती दरों में कराई जा सकेगी। नगर आयुक्त पुलकित गर्ग के मुुताबिक जल्द ही यहां कार्य आरंभ कराया जाएगा।