झांसी। दुबई भेजने के नाम पर करीब 1.52 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने दिल्ली के दो भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के चंद्रशेखर आजाद नगर निवासी सोहेल खान ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2024 में दुबई यात्रा के दौरान उसकी मुलाकात दिल्ली निवासी उमैर अख्तर एवं उसके भाई उबैद से हुई थी। उमैर ने खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताते हुए आजाद वीजा और नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके बदले दो लाख रुपये मांगे। शिकायत के अनुसार, पहले 10 हजार रुपये एडवांस लिए गए, बाद में अलग-अलग किस्तों में कुल 1.52 लाख रुपये बैंक खाते में जमा करा लिए गए। आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपियों वीजा दिलाने में टालमटोल करने लगे। कई महीने बाद भी वीजा न मिलने पर उसने पैसे मांगे। आरोपियों ने पैसा देने से इन्कार कर दिया। शिकायतकर्ता के मुताबिक पुलिस के सुनवाई न करने पर न्यायालय की शरण ली। कोतवाल अंजन कुमार सिंह के मुताबिक न्यायालय के आदेश पर सोमवार को कोतवाली पुलिस ने उमैर अख्तर और उसके भाई उवैद के धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।