झांसी में घनाराम ग्रुप को छोड़कर बाकी सभी बिल्डरों के ठिकानों से आयकर विभाग की टीमों ने रवानगी ले ली है। छापेमारी के दौरान आईटी टीमों ने बिल्डरों के यहां से ढाई क्विंटल चांदी व डेढ़ किलो सोना बरामद किया है। इसके अलावा दो करोड़ रुपये की नकदी भी बरामद हुई है, जिसका बिल्डर हिसाब नहीं दे सके।
आयकर विभाग की टीमों ने बुधवार की सुबह घनाराम ग्रुप व उससे जुड़े बिल्डरों के यहां छापा मारा था। आईटी टीमें चार दिन तक लगातार पड़ताल में जुटी रहीं। इस दौरान टीमों ने प्रॉपर्टी, इनकम व लेन-देन से जुड़े तमाम दस्तावेज जब्त किए। साथ ही कई हार्ड डिस्क भी आईटी टीमों द्वारा कब्जे में ली गईं। इस दौरान बिल्डरों के यहां से टीमों को बेहिसाब ढाई क्विंटल चांदी, डेढ़ किलो सोना और दो करोड़ रुपये की नकदी मिली।
जांच के बाद टीमों ने शनिवार को बिल्डरों के यहां से रवानगी ले ली। लेकिन, घनाराम ग्रुप के सपा के पूर्व एमएलसी श्यामसुंदर सिंह यादव व दतिया के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विशुन सिंह यादव के यहां रविवार को भी पड़ताल की जाती रही।
जालौन में अभियंता के यहां पहुंची आईटी टीम
झांसी। घनाराम ग्रुप से जुड़े होने व विभिन्न कार्यों में सहभागिता करने के चलते आयकर विभाग की एक टीम ने जालौन में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता और विद्युत व्यथा निवारण समिति के सदस्य आरके त्रिवेदी के यहां छापा मारा। अभियंता के न मिलने पर टीम ने उनके परिजनों से पूछताछ की और कुछ दस्तावेज भी जांचे। अभियंता के घर टीम तकरीबन एक घंटे तक रुकी।