झांसी। घनाराम ग्रुप व उसके सहयोगी बिल्डरों के 32 ठिकानों पर आयकर विभाग की पड़ताल बृहस्पतिवार को भी जारी रही। इस दौरान आयकर विभाग की टीमें सात बैंक शाखाओं में भी पहुंचीं। बैंकों में बिल्डरों से जुड़े 37 खातों की पड़ताल की गई। आईटी टीमें घंटों बैंकों में जमा रहीं।
आयकर विभाग ने बुधवार की सुबह झांसी के घनाराम ग्रुप व उसके सहयोगी बिल्डरों के 32 ठिकानों पर छापा मारा था। बुधवार को देर शाम तक पड़ताल चलती रही। इसके बाद बृहस्पतिवार को भी आयकर विभाग की टीमें सभी ठिकानों पर दिन भर पड़ताल में जुटीं रहीं। इस दौरान आईटी टीमों के हाथ कुछ संदिग्ध लेन-देन से जुड़े दस्तावेज भी लगे, जिनकी पड़ताल करने के लिए विभाग की टीमें इलाहाबाद बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, केनरा बैंक, यूनियन बैंक समेत निजी बैंकों की सात शाखाओं तक पहुंच गईं।
यहां बिल्डरों से जुड़े 37 खातों की पड़ताल की गई। इसके अलावा बैंकों से इन खातों के रिकॉर्ड भी लिए गए। बताया जा रहा है कि इनमें से ज्यादातर खाते बिल्डरों के नाम पर नहीं हैं, लेकिन खातों के जरिये कई बड़े लेन-देन हुए हैं, जिसके सुबूत आयकर विभाग की पड़ताल के दौरान सामने आए। इस पर आईटी टीमों ने इन खातों की पड़ताल की।
सीए के घर के बाहर डेरा जमाए रही टीम
आयकर विभाग की टीम सिविल लाइन की पॉश कॉलोनी जानकीपुरम में चार्टर्ड अकाउंटेंट दिनेश सेठी के घर के बाहर डेरा जमाए रही। बृहस्पतिवार को वह घर नहीं आए।
बिल्डर के पार्टनर के घर पहुंची टीम
विभाग की टीम ने शिवपुरी रोड स्थित बिल्डिंग विजन हाइट्स पहुंचकर बिल्डर संजय के पार्टनर के यहां भी जानकारी जुटाई। शहर के अन्य सीए की भी जांच की गई।