झांसी। महारानी लक्ष्मी बाई मेडिकल कॉलेज में बदमाशों ने भीड़ का फायदा उठाकर तीन मरीजों की जेब से पर्स उड़ा दिए। मरीजों ने उपचार के लिए पर्स में हजारों रुपये रखे थे। पर्स चोरी होने से बदहवास मरीजों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने यहां पहुंचकर पूछताछ शुरू की लेकिन, कोई सुराग नहीं लग सका।
बड़ागांव गेट बाहर निवासी लाखन सिंह ने बताया कि वह सोमवार को मेडिकल कॉलेज में उपचार कराने गया था। वह ओपीडी के बाहर अपनी बारी का इंतजार कर रहा था। ओपीडी में काफी भीड़ थी। दिखाने के बाद जब वह दवाई लेने के लिए बाहर आया तब जेब से उसका पर्स गायब था। उसके पर्स में 7200 रुपये थे। इसी तरह एरच निवासी कमलेश की जेब से भी बदमाशों ने पर्स उड़ा दिया। वह भी ओपीडी में अपने परिजनों को दिखाने आया था। भीड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने उसकी जेब से पर्स उड़ा दिया। कमलेश के मुताबिक इलाज में खर्च को देखते हुए उसने 18 हजार रखे हुए थे। बड़ागांव निवास सुरेश की जेब भी बदमाशों ने ओपीडी में काट ली। सुरेश का कहना है कि उसने पुलिस को सूचना दी। उसके पर्स में 5 हजार रखे हुए थे।